Wednesday, October 21, 2026
CG

Latest Posts

इतिहास गवाह है, बहनों के रक्षासूत्र ने संभाली बिगड़ते संबंधों की डोर : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

लाड़ली बहनों के साथ लाड़ले भाईयों के लिए भी योजना बना रही है सरकार
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने सीमा पर जवान और खेत में किसान को सम्मान दिया
टीकमगढ़ को शीघ्र मिलेगी मेडिकल कॉलेज की सौगात
टीकमगढ़ सहित सम्पूर्ण बुंदेलखण्ड के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जायेगी
एक लाख करोड़ की केन-बेतवा अन्तर्राज्यीय नदी परियोजना का शीघ्र होगा भूमि-पूजन
मुख्यमंत्री डॉ.यादव टीकमगढ़ में रक्षाबंधन एवं श्रावण उत्सव में हुए शामिल

भोपाल : शनिवार, अगस्त 10, 2024, 16:40 IST

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि रक्षाबंधन जैसे त्यौहार की श्रेष्ठता इसी बात से समझी जा सकती है कि अतीत में बहनों के रक्षासूत्र ने बिगड़ते संबंधों की डोर संभाली और हथियार डलवा कर युद्धों को भी समाप्त करवा दिया। बहनों के सम्मान में आज पूरे प्रदेश में 25 हजार से अधिक स्थानों पर रक्षाबंधन का कार्यक्रम मनाते हुए बहनों को उनके खातों में 1500 की राशि हस्तांतरित की जा रही है। भाई-बहन का त्यौहार सर्वोत्तम टीकमगढ़ में हम किसी बात की कमी नहीं होने देंगे। राज्य सरकार किसी भी योजना को बंद नहीं करेगी और लाड़ली बहनों के लिए लगातार कार्य करती रहेगी। आज एक करोड़ 29 लाख लाड़ली बहनों को 1250 रुपए प्रतिमाह मिलने के साथ 250 रुपए की उपहार राशि भी प्राप्त होगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने टीकमगढ़ “एक पेड़ मां के नाम अभियान” में पुलिस परेड ग्राउंड पर कटहल का पौधा रोपा। कार्यक्रम में राज्यसभा सदस्य श्रीमती माया नारोलिया, श्री अनिल जैन, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती उमिता-राहुल सिंह, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में लाड़ली बहनें उपस्थित थीं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार लाड़ली बहनों के साथ लाड़ले भाइयों के लिए भी योजना बना रही है। इसमें प्रदेश में जिसके अंतर्गत स्थापित होने वाले उद्योगों में उन्हें रोजगार के अवसर मिलेंगे। मध्य प्रदेश में युवाओं की क्षमता और योग्यता में कमी नहीं है। उन्हें अवसर देने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में औद्योगिक निवेश जाने के लिये प्रदेश में रिजनल इन्वेस्टर समिट की जा रही है। इसी श्रृंखला में ग्वालियर और सागर में भी इन्वेस्टर समिट होगी। इसके परिणाम स्वरूप प्रदेश के अलग अलग अंचलों में विभिन्न उद्योग लगेंगे। इन उद्योगों के माध्यम से हमारी लाड़ली बहने और भाइयों को रोजगार मिलेगा और आर्थिक रूप से समृद्ध बनेंगे

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सीमा पर जवान और खेत पर किसान को सम्मान देने का कार्य प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जा रहा है। जवानों के लिये आधुनिक हथियार और सुविधाएँ एवं किसानों के लिये किसान सम्मान निधि दी जा रही है। किसानों के हित में प्रदेश सरकार भी किसान सम्मान निधि के साथ किसान कल्याण योजना की राशि को प्रदान करना जारी रखेगी। किसानों के घर में पैसा जाएगा तो न केवल किसान परिवार का बच्चा बल्कि संपूर्ण देश समृद्ध होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस प्रकार सूर्य देवता अपने तेज से प्रकाश फैलाते हैं, उसी प्रकार किसान भाई अपने पसीने से अपनी जमीन को सींचते हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री श्री मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके द्वारा म.प्र. और उ.प्र. को मिलाकर एक लाख करोड़ रुपए की लागत से केन-बेतवा अन्तर्राज्यीय लिंक परियोजना को मूर्त दिया जा रहा है, जिसका शिलान्यास शीघ्र होगा। इस परियोजना से बुंदेलखंड के हर किसान के हर खेत तक पानी पहुंचेगा और बरसों की सूखे की समस्या होगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि टीकमगढ़ में शीघ्र ही मेडिकल कॉलेज खुलेगा। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार का बजट अभी साढे तीन लाख करोड़ रुपए का है और आने वाले 5 वर्षों में हम इसे 7 लाख करोड़ रुपए तक कर देंगे। सरकार हर वर्ग की बेहतरी और उत्थान के लिए दृढ़ संकल्पित है। पशु पालकों आर्थिक सशक्तिकरण के लिए भी राज्य सरकार कार्य कर रही है, शीघ्र ही दुग्ध-उत्पादन पर बोनस देने का कार्य भी किया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज बहनों के बीच में रक्षाबंधन एवं श्रावण उत्सव पर्व मनाकर मुझे आनंद की अनुभूति हुई। बहनों के प्यार के लिए दुनिया तरसती है, यह प्यार पाकर मेरा जीवन धन्य हुआ है। टीकमगढ़ जिला कुंडेश्वर महादेव, बगाज माता एवं विंध्यवासिनी माई के आशीर्वाद से निरंतर प्रगति और विकास पथ पर अग्रसर है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लोग मृत्य भोज और शादी समारोह में बड़ा खर्चा करने से बचें। इन कार्यो में कर्ज लेकर या अचल सम्पत्ति बेचकर भी पैसा लगाया जाता है, ऐसी स्थिति से बचने के लिए लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता है। इस प्रकार की गतिविधियों को हतोत्साहित कर जमा पूंजी बचाई जा सकती है।

केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री ने आज टीकमगढ़ आकर हमारी लाड़ली बहनों का जो उत्साहवर्धन किया है उसके लिए मैं उनका धन्यवाद करता हूं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के मार्गदर्शन में रजिस्ट्री के समय नामांतरण की जो प्रक्रिया प्रारंभ की गई है इससे प्रदेश की जनता को बड़ी सुविधा मिली है।

मध्यप्रदेश के वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री श्री दिलीप अहिरवार ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव हर वर्ग, हर समाज के विकास के लिए कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सभी क्षेत्रों में तीवृ गति से विकास हो रहा है। कार्यक्रम में राज्यसभा सदस्य श्रीमती माया नारोलिया, विधायक श्री हरिशंकर खटीक, श्री अनिल जैन, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती उमिता-राहुल सिंह, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में लाड़ली बहनें उपस्थित थीं।

हितलाभ वितरित किये

मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने विभिन्‍न योजनाओं के हितग्राहियों को 3 करोड़ 36 लाख 60 हजार 262 रूपये एवं आजीविका मिशन में 184 स्व-सहायता समूहों को तीन करोड़ बारह लाख रूपये के स्वीकृति पत्र प्रदान किये।

मुख्यमंत्री मोनिया नृत्य में हुए शामिल

मुख्यमंत्री डॉ. यादव की अगवानी बुंदेलखंड के प्रसिद्ध मोनिया दोहों के साथ नृत्य की सुंदर प्रस्तुति के साथ हुई। डॉ. यादव स्वयं भी मोनिया नृत्य में शामिल हुए।

प्यारे भैया ने भांजियों को झुलाया झूला

मुख्यमंत्री डॉ. यादव का स्वागत रक्षाबंधन एवं श्रावण उत्सव में ला़डली बहनों ने बुंदेली बधाई गायन से किया। मुख्यमंत्री ने अपनी प्यारी भांजियों को सावन का झूला झुलाया। बहनों ने अपने प्यारे भैया के लिये सावन गीत गाये। मुख्यमंत्री ने बहनों द्वारा सजाए गए पोषण मटके का अवलोकन किया। लाड़ली बहनों के लाडले भैया ने सेल्फी भी ली। बहनों ने बुन्देलखण्ड के विशेष व्यजंन भी बनाये। बहनों ने भैया को गुजियाँ खिलाई, अभिनंदन पत्र भी किया भेंट।

बहनों से ॐ मेंहदी लगवाई

सावन के पर्व में बहनों ने अपने भैया मुख्यमंत्री डॉ. यादव की हथेली पर ॐ की मेहंदी लगाकर आरती की और कलाई में राखी बांधी। मुख्यमंत्री ने बहनों को सुहाग चिन्ह सहित उपहार भेंट किये। उन्होंने बहनों पर पुष्प वर्षा कर आशीर्वाद दिया।

प्रदर्शनी का किया अवलोकन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभागों की प्रदर्शिनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में बांस के उत्पाद देखे साथ ही महिला उद्यमियों से राखी भी बंधवाई। प्रदर्शनी में गुड़ का लड्डू खाया, अन्वेषण हस्त-चलित मूंगफली छीलने का यंत्र का अवलोकन कर उसे चला कर देखा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पीतल की मूर्ति देखी और मुर्तिकार से चर्चा की। साथ ही सेल्फी प्वाइंट पर सेल्फी भी ली।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.